छात्राओं ने अतिथियों को बांधा रक्षा सूत्र, “मां के नाम एक पेड़” अभियान के तहत हुआ पौधरोपण; नशामुक्त भारत की शपथ भी ली।
साई नाथ यूनिवर्सिटी, ओरमांझी में एनसीसी की ओर से रक्षा बंधन उत्सव-2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) एस.पी. अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा राज्य मंत्री सह रांची लोकसभा सांसद श्री संजय सेठ शामिल हुए। कार्यक्रम में कई रक्षा अधिकारी, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पहुंचने पर अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर, गुलदस्ता एवं मोमेंटो भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। समारोह के दौरान छात्राओं ने अतिथियों को रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ राष्ट्र की रक्षा और सेवा के संकल्प का संदेश दिया।
श्री संजय सेठ ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। सीमा की रक्षा से लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा करना और तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के युवा ही देश के वर्तमान और भविष्य हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए देशहित में योगदान देना चाहिए।
“मां के नाम एक पेड़” का दिया संदेश
रक्षा बंधन उत्सव के दौरान “मां के नाम एक पेड़” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में रक्षा बंधन को केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित न रखते हुए इसे राष्ट्र, समाज और पर्यावरण की रक्षा से जोड़ने का संदेश दिया गया।
नशामुक्त भारत की ली शपथ
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, रक्षा अधिकारियों, विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त भारत बनाने की शपथ ली। सभी ने समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प लिया।
समारोह ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, राष्ट्र सेवा, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण का चतुर्मुखी संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह एवं देशभक्ति का माहौल बना रहा।
Address : Jirawar, Chandway-Kuchu Road, Ormanjhi, Ranchi, Jharkhand [INDIA] Pin-835219
Contact : +91-7970408015, +91-6204313818
Email : sainathuniversity@gmail.com
Copyright 2022 - Sai Nath University - All Rights Reserved
Leave a Reply